राहुल गांधी के दौरे से पहले अमेठी में पोस्टर वार, किशोरी लाल शर्मा पर उठे सवाल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संभावित दौरे से पहले अमेठी में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। जिले के कई प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर विवादित पोस्टर लगाए जाने से सियासी हलचल तेज हो गई है। इन पोस्टरों में कांग्रेस और स्थानीय सांसद किशोरी लाल शर्मा के खिलाफ तीखे सवाल उठाए गए हैं।
पोस्टरों में सांसद के कार्यकाल को लेकर सीधे तौर पर जवाब मांगा गया है। एक पोस्टर में लिखा गया है— “दो साल, किशोरी तुमने लाल क्या किया?”, जिसके जरिए उनके अब तक के विकास कार्यों पर सवाल खड़े किए गए हैं। इसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि सांसद निधि से केवल एक स्कूल बस दी गई, जिसे कथित तौर पर एक कांग्रेस नेता के निजी स्कूल को आवंटित किया गया। साथ ही एक एंबुलेंस को ट्रस्ट संचालित अस्पताल में लगाए जाने का दावा भी पोस्टर में किया गया है।
कुछ अन्य पोस्टरों में मौजूदा सांसद किशोरी लाल शर्मा के दो साल के कार्यकाल की तुलना पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के पांच साल के कार्यकाल से की गई है। इनमें पूर्व सांसद के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए वर्तमान प्रतिनिधित्व पर सवाल उठाए गए हैं।
ये पोस्टर अमेठी कांग्रेस कार्यालय, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल सहित कई प्रमुख स्थानों पर दिखाई दिए। राहुल गांधी के दौरे से ठीक पहले सामने आई इस पोस्टरबाजी ने जिले की राजनीति को और अधिक गरमा दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.