UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले

HIGHLIGHTS
- कई मंडलों के मंडलायुक्त और विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गईं।
- अनिल ढींगरा को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का आवास आयुक्त बनाया गया।
- गोरखपुर, बस्ती, प्रयागराज और बरेली मंडल को मिले नए मंडलायुक्त।
उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 13 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कई मंडलों के मंडलायुक्त, विभागीय सचिव, निगमों के प्रबंध निदेशक और विकास प्राधिकरणों से जुड़े अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
तबादला सूची के तहत अनिल ढींगरा को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का आवास आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें निदेशक, नगर भूमि सीमारोपण और सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इंद्र विक्रम सिंह को गोरखपुर मंडल का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडल और डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज मंडल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। शुभम कुमार को बरेली मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।

सरकार ने प्रकाश बिंदु को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक, सौम्या अग्रवाल को श्रमायुक्त, संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PuVVNL) का प्रबंध निदेशक और डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया है।
इसके अलावा भूपेंद्र एस. चौधरी को सचिव, प्रशासनिक सुधार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
वहीं रविन्द्र को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.