बेटे को लेकर रूस गई महिला को भारत लाने की तैयारी, इंटरपोल ने जारी किया रेड कॉर्नर नोटिस

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को बच्चे की संयुक्त कस्टडी देने का आदेश दिया था।
- डिफेंस कॉलोनी थाने में 2025 में शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई थी।
- पुलिस अदालत में एक्शन टेकन रिपोर्ट और स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर चुकी है।
नई दिल्ली। अपने नाबालिग बेटे को लेकर रूस गई एक महिला को भारत वापस लाने के लिए दिल्ली पुलिस ने कदम उठाया है। पुलिस ने विदेश मंत्रालय के माध्यम से रूस स्थित भारतीय दूतावास को महिला को वापस लाने के लिए औपचारिक अनुरोध भेजा है। यह मामला साकेत कोर्ट में विचाराधीन है।
महिला की पहचान विक्टोरिया बासु के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रूस की नागरिक बताई गई है। उसके खिलाफ इंटरपोल की ओर से रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया जा चुका है।
क्या है पूरा मामला?
इस मामले में 2025 में डिफेंस कॉलोनी थाने में सैकत बासु की शिकायत पर FIR दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसकी शादी 2017 में विक्टोरिया से हुई थी। दोनों का एक बेटा है, जिसका जन्म 29 अक्टूबर 2020 को हुआ था।
आरोप है कि 13 मार्च 2023 को विक्टोरिया अपनी मां के साथ बिना बताए घर छोड़कर चली गई और बच्चे को भी छोड़ दिया। इसके बाद उसने बच्चे की पूरी कस्टडी हासिल करने के लिए अदालत में याचिका दायर की।
बाद में मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां दोनों को बच्चे की संयुक्त कस्टडी देने का आदेश दिया गया। आरोप है कि इसी आदेश के बाद पिछले साल विक्टोरिया अपने नाबालिग बेटे को लेकर चुपचाप भारत से रूस चली गई।
पुलिस ने कोर्ट में क्या बताया?
गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास दीपाक्षी राणा के समक्ष इस मामले में एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) और स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की।
पुलिस ने अदालत से कुछ और समय देने की मांग की। साथ ही बताया कि मुख्य आरोपी विक्टोरिया बासु को ट्रेस करने और वापस लाने के लिए गृह मंत्रालय (MHA) के माध्यम से विदेश मंत्रालय (MEA) और मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास को औपचारिक अनुरोध भेजा गया है।
पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य आरोपी के खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुका है। शिकायतकर्ता की ओर से दिए गए दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला और उसके बेटे की लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.