मणिपुर में राष्ट्रपति शासन खत्म, युमनाम खेमचंद ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

मणिपुर में एक बार फिर एनडीए की सरकार ने सत्ता संभाल ली है। बुधवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में युमनाम खेमचंद ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। उन्हें राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने इम्फाल स्थित लोक भवन में शपथ दिलाई। इस मौके पर कुकी समाज से आने वाली भाजपा विधायक नेमचा किपगेन ने वर्चुअल माध्यम से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि नागा पीपुल्स फ्रंट के विधायक एल. डिखो ने भी डिप्टी सीएम के तौर पर कार्यभार संभाला।
नई सरकार में भाजपा के गोविंदास कोंथौजम और एनपीपी के के. लोकेन सिंह को मंत्री बनाया गया है। दोनों नेताओं को भी राज्यपाल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
राष्ट्रपति शासन हटने के कुछ ही घंटों बाद यह शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। गौरतलब है कि मणिपुर पिछले वर्ष फरवरी से राष्ट्रपति शासन के अधीन था। समारोह में भाजपा के कई विधायक, पार्टी के वरिष्ठ नेता और एनडीए के शीर्ष पदाधिकारी मौजूद रहे। दो उपमुख्यमंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद को राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस अवसर पर मणिपुर भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि राज्य के लिए एक नए दौर की शुरुआत हुई है। पार्टी ने अपने संदेश में बताया कि लोक भवन में हुए इस समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, संबित पात्रा, प्रदेश अध्यक्ष शारदा देवी सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी शामिल रहे।
बताया गया कि इससे पहले युमनाम खेमचंद सिंह ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया था। उनके नेतृत्व में एनडीए के प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में राज्यपाल से भेंट की, जिसमें कुकी बहुल चुराचांदपुर और फेरजॉल जिलों के दो विधायक भी शामिल थे। वहीं, मंगलवार को नई दिल्ली में पहले भाजपा विधायक दल और फिर एनडीए विधायक दल की बैठक में युमनाम खेमचंद सिंह को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.