मुजफ्फरनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई बाइक; दो युवकों की मौत

HIGHLIGHTS
- सड़क किनारे खड़े डस्ट से लदे खराब ट्रक से बाइक टकरा गई।
- हादसे में निक्की (21) और सचिन (21) की मौके पर ही मौत हो गई।
- बाइक पर सवार तीसरा युवक प्रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
मुजफ्फरनगर के बिजनौर-मोरना मार्ग पर बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से बाइक टकराने के कारण दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भिजवाया। वहीं, दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
रामराज क्षेत्र के हाशमपुर गांव निवासी निक्की (21) पुत्र जबरसिंह बुधवार को कासमपुर खोला गांव में अपने मामा रोहताश के घर आया हुआ था। शाम के समय निक्की अपने ममेरे भाई सचिन (21) और पड़ोसी प्रमेश पुत्र मांगेराम के साथ बाइक से देवल गया था।
रात करीब 11 बजे तीनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बीआईटी चौकी के पास बिजनौर-मोरना मार्ग पर बीआईटी कॉलेज से कुछ आगे उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े डस्ट (रेत-बजरी) से लदे खराब ट्रक में पीछे से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में निक्की और सचिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को जिला अस्पताल किया रेफर
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल प्रमेश को जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, निक्की और सचिन किसानों के खेतों में गन्ने की छिलाई का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
इस मामले में इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि बाइक सड़क किनारे खड़े डस्ट से भरे खराब ट्रक से टकराई थी। पुलिस ने दोनों युवकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.