सहारनपुर: काजी परिवार में बढ़ा विवाद, हमजा मसूद ने शायान मसूद पर लगाए गंभीर आरोप

HIGHLIGHTS
- शायान मसूद के सपा में शामिल होने के बाद परिवार में विवाद सामने आया।
- हमजा मसूद ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कई आरोप लगाए।
- हमजा ने बहन और उनके बेटे के साथ ज्यादती किए जाने का दावा किया।
सहारनपुर। सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद के सपा में शामिल होने के बाद काजी परिवार में विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। परिवार के भीतर चल रहा मनमुटाव अब खुलकर सामने आ गया है। सांसद इमरान मसूद के भतीजे हमजा मसूद ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर शायान मसूद पर आरोप लगाए हैं। वहीं, शायान मसूद ने भी वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
हमजा मसूद ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि उनकी बहन के साथ पांच वर्षों से ज्यादती हो रही है। उन्होंने कहा कि उनकी बहन के साथ अभद्र व्यवहार कर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। उनके बेटे के साथ भी जुल्म हो रहा है और इमरान मसूद के खिलाफ राजनीतिक साजिश की जा रही है। हमजा ने वीडियो में इन ज्यादतियों के सबूत होने की बात भी कही।
उन्होंने आरोप लगाया कि सियासत की वजह से उनकी बहन को छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि उनके पिता अस्पताल में हैं और इसके बावजूद राजनीतिक बयानबाजी की जा रही है।
हमजा ने कहा कि सिर्फ अपनी बहन और पिता की वजह से वे शायान के जुल्म बर्दाश्त कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि वे सक्षम हैं और अपनी बहन के बेटे को अच्छी तालीम और परवरिश देंगे। हमजा ने कहा कि उनके दादा राशिद मसूद की राजनीतिक विरासत उनके बाबा नोमान मसूद और ताऊ इमरान मसूद को मिली है।
इस वीडियो पर सपा नेता शायान मसूद ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अफसोस है कि हमजा को इस स्तर तक गिरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनका ऐसा स्तर नहीं है कि वह घर की बातों को बाहर राजनीति के लिए उछालें।
शायान मसूद ने कहा कि हमजा के पास उनकी राजनीतिक बातों का जवाब नहीं है, इसलिए निजी हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास कई वीडियो हैं, लेकिन वह उन्हें सार्वजनिक नहीं करना चाहते।
बता दें कि पिछले दिनों सांसद इमरान मसूद ने प्रेसवार्ता में कहा था कि उनके परिवार से कोई भी सदस्य इस चुनाव में नहीं लड़ेगा। इसके बाद से काजी परिवार में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया। इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद सपा में शामिल हो गए। अब देखना होगा कि काजी परिवार की राजनीतिक विरासत किस दिशा में आगे बढ़ती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.