शिमला: ढली मंडी के सामने पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थर, कई वाहन आए चपेट में

HIGHLIGHTS
- बारिश के दौरान यह पहाड़ी हर साल संवेदनशील हो जाती है।
- स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात में यहां भूस्खलन और बड़े पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है।
- ढली मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
शिमला। राजधानी शिमला की ढली सब्जी मंडी के सामने वीरवार को पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। तेज रफ्तार से नीचे आए पत्थरों की चपेट में कई वाहन आ गए। इनमें एक वाहन को नुकसान पहुंचा है।
हालांकि, अन्य वाहन धुलाई के लिए खड़े थे, इसलिए उन्हें ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। बाद में इन वाहनों को मौके से हटा दिया गया।
ढली सब्जी मंडी के सामने स्थित पहाड़ी बरसात के दौरान हर साल संवेदनशील हो जाती है। बारिश के साथ ही यहां भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है।
इस बार भी बारिश के दौरान पहाड़ी से पत्थर गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। वीरवार को हुई पत्थर गिरने की घटना ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ढली मंडी के सामने की पहाड़ी लंबे समय से भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील है। बरसात के दौरान जमीन खिसकने के साथ बड़े-बड़े पत्थर नीचे गिरते हैं।
हर साल बरसात में बढ़ता है खतरा
ढली सब्जी मंडी शहर की प्रमुख मंडियों में शामिल है और यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंडी के सामने पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.