ओमान तट पर जहाज पर हमला, 24 भारतीयों में 21 सुरक्षित; तीन अब भी लापता

नई दिल्ली। ओमान के तट के निकट वाणिज्यिक जहाज सेटेबेलो पर हुए हमले को लेकर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने इस घटना की निंदा करते हुए बताया कि जहाज पर मौजूद 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीय अब भी लापता हैं।
मंत्रालय के अनुसार, ओमान में भारतीय दूतावास हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान में सक्रिय सहयोग कर रहा है। लापता भारतीयों की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।
भारत ने कहा कि क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं। सरकार का मानना है कि यह घटनाएं क्षेत्र में जारी संघर्ष और बढ़ते तनाव का प्रत्यक्ष परिणाम हैं, जिनका असर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा पर पड़ रहा है।
विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर सभी पक्षों से तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की। भारत ने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाना तत्काल बंद होना चाहिए। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर सुरक्षित, निर्बाध और स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करने की आवश्यकता है, ताकि वैश्विक व्यापार प्रभावित न हो।
गौरतलब है कि ओमान के तट के आसपास भारतीय नाविकों से जुड़ी यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी गंभीर घटना है, जिसने समुद्री सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.