शामली में सिंगर अंकित बालियान की हत्या, जिम से निकलते ही चार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

HIGHLIGHTS
- हमलावरों ने पिस्टलों से 20 से ज्यादा राउंड फायर किए।
- अंकित बालियान को पांच गोलियां लगने की बात सामने आई है।
- उन्हें सीएचसी शामली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी नाला पटरी पर बुधवार शाम जिम से बाहर निकले हरियाणा के सिंगर अंकित बालियान (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पिस्टलों से 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज से आसपास का इलाका दहल गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। अंकित बालियान पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।
बंतीखेड़ा के मूल निवासी अंकित बालियान हरियाणा के सोनीपत में रहते थे और सिंगर थे। पिछले कुछ समय से वह गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। बुधवार शाम वह रोज की तरह शामली स्थित जिम में एक्सरसाइज करने पहुंचे थे। शाम करीब पौने सात बजे जिम से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे। इसी दौरान चार हमलावरों ने पिस्टलों से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पांच गोलियां लगने से वह मौके पर गिर गए।
आसपास के लोग अंकित को सीएचसी शामली लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाने से चर्चा में आए थे
अंकित बालियान ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाने को लेकर चर्चा में आए थे। बताया गया है कि वह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।
परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम
अंकित बालियान की हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शहर में वीवी इंटर कॉलेज रोड पर वर्मा मार्केट के बाहर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने कहा कि जब तक हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करने की बात कही।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि हत्यारों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर भी जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.