बरेली की शांति भंग करने का प्रयास न करें सपा नेता: मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी

बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सपा का प्रतिनिधिमंडल जाता है, वहां शोर-शराबा और तनाव का माहौल पैदा करने की कोशिश होती है। मौलाना के मुताबिक, सपा नेताओं में न तो जनता के प्रति सेवा भाव है और न ही वास्तविक लगाव। बरेली में हालात सामान्य हैं, मगर समाजवादी पार्टी के लोग इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर अशांति फैलाना चाहते हैं।
मौलाना रज़वी ने कहा कि जुमे की नमाज भी पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई और लोग नमाज के बाद सीधे घर लौट गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब सपा के नेता सियासत के लिए यहां का माहौल बिगाड़ने पर आमादा हैं।
उन्होंने सख्त शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यह मामला बरेली का है और यहां की जनता पुलिस व प्रशासन की मदद से इसे हल करने में सक्षम है। बाहर से आने वाले लोग हालात और जटिल न करें। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उनके कार्यकर्ताओं ने शहर को संभल जैसा बनाने की कोशिश की और प्रशासन ने सख्ती नहीं दिखाई, तो मुस्लिम जमात के लोग खुद इसका जवाब देना जानेंगे।
मौलाना ने बरेली की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की परंपरा को बरकरार रखने की अपील की। साथ ही, पुलिस और प्रशासन से भी कहा कि बाहरी लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए ताकि कोई भी व्यक्ति शहर की शांति को भंग न कर सके।
गौरतलब है कि हाल ही में बवाल के बाद सपा का एक प्रतिनिधिमंडल बरेली आने वाला था, लेकिन पुलिस ने उन्हें उनके ही जिलों में रोक दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.