नागचंद्रेश्वर मंदिर में करंट की अफवाह से मची भगदड़, कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ी

HIGHLIGHTS
- नीलकंठ द्वार के पास भगदड़ जैसी स्थिति बनी।
- हरसिद्धि मंदिर के सामने भीड़ का दबाव बढ़ गया।
- घायलों और बीमार श्रद्धालुओं को चरक अस्पताल पहुंचाया गया।
उज्जैन। महाकाल मंदिर परिसर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह दर्शन के लिए लगी कतार में करंट फैलने की अफवाह के बाद भगदड़ मच गई। नीलकंठ द्वार के पास हुई भगदड़ में करीब छह श्रद्धालु घायल हो गए। वहीं, हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। घायलों और बीमार श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कई श्रद्धालु घायल, चरक अस्पताल भी ले जाया गया
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया। घायलों में हिंदूबाई निवासी ढांचा भवन उज्जैन, सागर पुत्र मनीष उम्र 19 वर्ष निवासी किशनपुरा उज्जैन, लक्ष्मीबाई निवासी ढांचा भवन उज्जैन, अनसूया और उनकी मां ममता दोनों निवासी गंजबासौदा, हरिश्चंद्र निवासी ग्राम सिलवासा, वापी गुजरात, सोनम उम्र 18 वर्ष निवासी ग्वालियर, सुजीत कुमार निवासी दरभंगा बिहार, खुशी निवासी ग्वालियर तथा तुलसी और उनकी मां रेखाबाई दोनों निवासी वलसाड गुजरात शामिल हैं।
बैरिकेड्स से टकराने से श्रद्धालु के पैरों में गंभीर चोट
भगदड़ जैसी स्थिति के दौरान बैरिकेड्स से टकराने के कारण हरिश्चंद्र के पैरों में गंभीर चोट आई है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार किया गया। भीड़ के दबाव और अफरा-तफरी के चलते कुछ समय के लिए दर्शन व्यवस्था प्रभावित हुई।
पुलिस-प्रशासन ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अमले ने स्थिति को संभाला। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित करने के प्रयास किए गए। फिलहाल दर्शन व्यवस्था सुचारू बताई जा रही है। प्रशासन और सुरक्षाकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।
ग्वालियर से आए श्रद्धालु ने धक्का-मुक्की को बताया वजह
ग्वालियर से भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन करने आए सुरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि वह अपनी भतीजी सोनम राणा के साथ उज्जैन आए थे। वह रात से ही भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए लाइन में लगे थे। उनके अनुसार, मंदिर में व्यवस्थाएं ठीक नहीं थीं और वीआईपी श्रद्धालुओं को दर्शन करवाए जा रहे थे, जबकि आम श्रद्धालुओं को बार-बार रोका जा रहा था।
उन्होंने बताया कि अचानक भक्तों को छोड़े जाने पर कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। उनके अनुसार, इस दौरान लगभग एक दर्जन से अधिक लोगों की तबीयत खराब हो गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान मची भगदड़
अस्पताल में भर्ती एक श्रद्धालु की मां मीनू ने बताया कि घटना हरसिद्धि चौराहे पर हुई। उन्होंने बताया कि जब उनका बेटा नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था, तभी वह बैरिकेड के नीचे आ गया और वहां भगदड़ मच गई। उनके अनुसार, किसी ने उसकी मदद नहीं की और सिर्फ एक व्यक्ति उसे उठाकर अस्पताल लेकर आया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.