टी20 वर्ल्ड कप 2026: अहमदाबाद में होगा फाइनल, पांच भारतीय शहर बनेंगे मेज़बान

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत में पांच शहरों को चुन लिया है। अहमदाबाद, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा।
अहमदाबाद का यह स्टेडियम विश्व का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है, जिसमें एक लाख से अधिक दर्शक बैठ सकते हैं। याद रहे, 2023 के वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल भी भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इसी स्टेडियम में खेला गया था।
सूत्रों के अनुसार, आईसीसी अगले हफ्ते फरवरी-मार्च में होने वाले टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जारी कर सकती है। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका के संयुक्त आयोजन में होगा। श्रीलंका में तीन स्थानों पर मैच खेले जाएंगे, जिनमें कोलंबो भी शामिल है।
इस बार भारत टी20 वर्ल्ड कप में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगा। भारतीय टीम ने पिछले साल जून में बारबाडोस में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।
बीसीसीआई ने कहा कि भारत में चुने गए पांच शहर सभी टियर-1 शहर हैं और यहां भारी दर्शक उपस्थिति की उम्मीद है। पाकिस्तान अगर टूर्नामेंट में फाइनल तक पहुंचता है, तो उसका मुकाबला न्यूट्रल वेन्यू श्रीलंका में खेला जाएगा। आईसीसी, बीसीसीआई और पीसीबी के समझौते के अनुसार, 2027 तक भारत और पाकिस्तान के बीच सभी मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर ही होंगे, चाहे टूर्नामेंट किसी भी देश में आयोजित क्यों न हो।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.