झारखंड छात्र आंदोलन में फिर बढ़ा तनाव, देवेंद्र नाथ महतो की बिगड़ी तबीयत

HIGHLIGHTS
- प्रदर्शनकारियों ने दर्जनों छात्रों के घायल होने का दावा किया है।
- दिन में पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया था।
- छात्रों ने कहा कि अब बातचीत हुई तो सीधे मुख्यमंत्री के साथ होगी।
रांची। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इसी बीच झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान शाम को एक बार फिर छात्रों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। विधानसभा के गेट नंबर-1 के पास धरने पर बैठे सैकड़ों छात्रों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया।
देवेंद्र नाथ महतो की अचानक बिगड़ी तबीयत
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनके समर्थक भी अस्पताल पहुंचने लगे। महतो ने बताया कि वह पिछले 17 दिनों से सत्याग्रह और नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।
उन्होंने कहा, 'लाठी, गोली, बंदूकों से सरकार नहीं चलती है। सरकार जनता को संतुष्ट रखकर चलती है।' महतो ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रताड़ित किया गया और जबरन एंबुलेंस में बैठाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
गेट नंबर-1 के पास बैठे छात्रों पर पुलिस ने की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा के गेट नंबर-1 के पास बैठकर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने पहले छात्रों से वहां से हटने की अपील की। कई बार आग्रह के बाद भी छात्र नहीं हटे तो पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए सख्ती की। इसके बाद छात्रों को वहां से खदेड़ते हुए जगन्नाथ मंदिर की ओर ले जाया गया।
लाठीचार्ज और भगदड़ में कई छात्रों के घायल होने का दावा
कार्रवाई के दौरान लाठीचार्ज और भगदड़ में कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि दर्जनों छात्रों को चोट लगी है। भगदड़ के दौरान कई छात्र गिर गए। वहीं, कुछ छात्राओं के भी घायल होने की सूचना है।
छात्रों ने कहा- अब मुख्यमंत्री से ही होगी बातचीत
लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया। छात्रों ने कहा कि अब सरकार के साथ किसी अन्य स्तर पर बातचीत नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि अगर वार्ता होगी तो सीधे मुख्यमंत्री के साथ होगी, अन्यथा आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन को और व्यापक और तेज करने का ऐलान किया।
दिन में भी कई बार बिगड़े हालात
सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान दिन में भी पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच कई बार तनाव की स्थिति बनी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके अलावा कई स्थानों पर लाठीचार्ज भी किया गया।
JPSC-JSSC को लेकर आंदोलन और तेज होने के संकेत
विधानसभा गेट के पास शाम को हुई पुलिस कार्रवाई और देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ने के बाद JPSC-JSSC के मुद्दे पर चल रहा छात्र आंदोलन और गरमा गया है। छात्रों के रुख से संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज हो सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.