जाजपुर में चेन्नई–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस की तीन बोगियां पटरी से उतरीं, कोई हताहत नहीं

भुवनेश्वर। ओडिशा के जाजपुर जिले में गुरुवार सुबह चेन्नई–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस की तीन बोगियां पटरी से उतर गईं। ट्रेन संख्या 22611, जो चेन्नई सेंट्रल से न्यू जलपाईगुड़ी तक चलती है, हादसे के समय धीमी गति से चल रही थी, इसलिए किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
हादसे के समय ट्रेन में अफरातफरी मच गई और यात्री घबरा गए, लेकिन बड़ी मुश्किल से सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल पाए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित डिब्बे जखपुरा स्टेशन के यार्ड क्षेत्र के भीतर ही पटरी से उतरे।
रेलवे ने लिया तत्काल कदम
रेलवे ने तुरंत प्रभावित कोचों को अलग किया और वहां सवार यात्रियों को सुरक्षित रूप से अन्य कोचों में बैठाया। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच भी ट्रेन में जोड़े गए।
राहत और बहाली कार्य
घटना की सूचना मिलते ही भुवनेश्वर और खुर्दा रोड से दुर्घटना राहत ट्रेन और मेडिकल टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई। भद्रक से भी बचाव दल भेजा गया। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य और सुरक्षा गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं।
कारण अभी अज्ञात
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पटरी से उतरने के पीछे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। विस्तृत जांच के बाद ही इस घटना के कारणों का खुलासा होगा।
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कोचों को सुरक्षित रूप से हटाया गया और दोनों दिशाओं में ट्रेन परिचालन सामान्य कर दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 8114382367 जारी किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.