हमीरपुर में दर्दनाक हादसा: डंपर से टकराई वैन, एक परिवार के 4 लोगों की मौत

हमीरपुर जिले में रविवार दोपहर नेशनल हाईवे-34 पर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मौदहा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत छिरका और मवइया गांव के बीच उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी अर्टिगा वैन की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, कानपुर का एक परिवार बागेश्वर धाम से दर्शन कर अर्टिगा वैन से वापस लौट रहा था। दोपहर करीब 12:30 बजे जैसे ही वाहन हाईवे पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार डंपर से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में नरेंद्र (55), राजकपूर (57), मीना (54) और चालक आयुष चौहान (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रेखा (52) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि मृतकों में दो दंपती शामिल थे और सभी एक ही परिवार के सदस्य थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को वाहन से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।
मौदहा कोतवाली पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हादसा डंपर चालक को झपकी आने या ओवरटेक के प्रयास के दौरान हुआ हो सकता है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.