दर्दनाक हादसा: खाटू श्याम मंदिर जा रहीं मां-बेटी को डंपर ने कुचला

शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र में बरेली मोड़ स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला दलेलगंज निवासी हिमांशु गुप्ता की पत्नी स्वाति गुप्ता (40) और उनकी दस वर्षीय बेटी आरना डंपर के नीचे आकर कुचल गईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। महिला का शव डंपर में फंसकर करीब 20 मीटर सड़क पर घसीटा गया।
जानकारी के अनुसार, एकादशी के अवसर पर स्वाति गुप्ता और उनकी बेटी आरना खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए जा रही थीं। इस दौरान हिमांशु के दोस्त प्रदीप उनके घर पहुंचे और पारिवारिक रिश्तों के चलते महिला और बेटी उसके साथ मंदिर की ओर चल दीं।
मंदिर के पास पहुंचते ही डंपर से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद मां-बेटी दोनों गिर गईं और डंपर के पहिये के नीचे आने से उनकी मृत्यु हो गई। भीड़ को देखकर चालक डंपर छोड़कर भागा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
चौक कोतवाली के इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि मृतक महिला और बेटी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हिमांशु गुप्ता और उनके परिवार ने घटना स्थल पर आकर अपनी पत्नी और बेटी की मौत देख कर दुख व्यक्त किया।
इस हादसे ने पूरे मोहल्ले में शोक की लहर फैला दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.