जयपुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने 17 वाहनों को रौंदा, 13 की मौत

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार दोपहर एक भयावह सड़क हादसे में 13 लोगों की जान चली गई और 18 लोग घायल हो गए। हादसा हरमाड़ा थाना क्षेत्र में उस समय हुआ जब तेज रफ्तार डंपर ने एक के बाद एक 17 वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहन सड़क किनारे पलट गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 1 बजे की है। एक ट्रक रोड नंबर 14 से निकलकर पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर कई गाड़ियों से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने बताया कि घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रेफर किया गया है।
मौके का मंजर भयावह
समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा जारी वीडियो में सड़क पर बिखरे वाहन, क्षतिग्रस्त डंपर और मौके पर राहत कार्य में जुटे पुलिसकर्मी नजर आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर के बाद कई वाहन एक-दूसरे पर चढ़ गए थे। प्रशासन ने राहत कार्य शुरू करते हुए सड़क को जल्द साफ कराया ताकि यातायात सामान्य हो सके।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, दिए राहत के निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे को “अत्यंत दुखद और हृदयविदारक” बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने भी जताया दुख
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर इस हादसे पर शोक जताया। उन्होंने कहा, “हरमाड़ा में हुई भयानक दुर्घटना की खबर से गहरा दुख हुआ है। मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
सरकार ने दी स्थिति की जानकारी
राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है। दस घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है — जिनमें छह एसएमएस, दो सीकेएस और दो कवाटिया अस्पताल में उपचाराधीन हैं। एसएमएस अस्पताल में भर्ती घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.