नेहा बोरा के 'बांग्लादेश ने रास्ता दिखाया' बयान पर घमासान, BJP बोली - राहुल गांधी का मकसद 'Regime Change'

HIGHLIGHTS
- प्रदीप भंडारी ने नेहा बोरा के बयान को लेकर राहुल गांधी की भूमिका पर सवाल उठाए।
- भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी के मार्च को ‘अराजक मार्च’ करार दिया।
- नेहा बोरा के इंटरव्यू का हवाला देकर बांग्लादेश के विरोध प्रदर्शनों से प्रेरणा लेने का दावा किया गया।
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा अपने बांग्लादेश से जुड़े बयान को लेकर विवादों में घिरती दिखाई दे रही हैं। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इस मुद्दे पर नेहा बोरा को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनके विचार राहुल गांधी की विचारधारा से मेल खाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनके साथी लोकतंत्र के लिए खतरा हैं और इसे कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं। भंडारी ने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान नेहा बोरा को चेहरा बनाया था और वह बांग्लादेश में हुए सत्ता परिवर्तन से प्रेरित हैं।
राहुल गांधी के मार्च को लेकर क्या कहा?
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि वीडियो में नेहा बोरा और राहुल गांधी दोनों नजर आ रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी के मार्च को 'अराजक मार्च' बताते हुए कहा कि राहुल गांधी ने इस मार्च के लिए नेहा बोरा को चेहरा बनाया था। भंडारी के मुताबिक, इससे दोनों की विचारधारा एक जैसी होने का संकेत मिलता है।
क्या भारत में भी बांग्लादेश जैसा आंदोलन चाहती हैं नेहा बोरा?
भाजपा नेता ने कहा कि नेहा बोरा ने एक दिन पहले दिए गए इंटरव्यू में बताया था कि उनका आंदोलन बांग्लादेश में हुए विरोध प्रदर्शनों से प्रेरित है। उन्होंने दावा किया कि नेहा बोरा भारत में भी बांग्लादेश जैसी स्थिति चाहती हैं। भंडारी ने कहा कि बयान नेहा बोरा का है, लेकिन उनकी विचारधारा राहुल गांधी से जुड़ी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने नेहा बोरा को आगे किया है, जबकि नेहा बोरा भारत में भी बांग्लादेश की तरह 'अराजक जेन-जी' आंदोलन चाहती हैं। भंडारी ने बांग्लादेश की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इस्लामवादियों के एक समूह ने भीड़ और अराजकता का सहारा लेकर पूरे सिस्टम को ध्वस्त करने की कोशिश की थी। उनके अनुसार, इसका उद्देश्य सत्ता परिवर्तन करना था।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि लोकतांत्रिक तरीकों से अपने परिवार को सत्ता में लाने में नाकाम रहने के बाद राहुल गांधी और उनका पूरा इकोसिस्टम भारत में लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश कर रहा है।
राहुल गांधी पर भाजपा ने क्या आरोप लगाए?
प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि अगर वह और उनका इकोसिस्टम अराजकता फैलाने के बजाय देश की जनता की सेवा करने में उतनी ही मेहनत करते, तो शायद तीन-चार जगहों पर कांग्रेस का वोट शेयर बढ़ गया होता।
भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी लड़ाई भाजपा या आरएसएस की विचारधारा से नहीं, बल्कि 'भारतीय राज्य' (इंडियन स्टेट) से है। भंडारी ने कहा कि 'भारतीय राज्य' का मतलब भारतीय संविधान और भारतीय लोकतंत्र है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.