ट्रंप ने ईरान पर कार्रवाई को बताया ‘लव टैप’, युद्धविराम पर दिया बड़ा बयान

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान के साथ हालिया सैन्य घटनाक्रम को “लव टैप” करार दिया है। ट्रंप का कहना है कि यह कोई बड़े युद्ध की शुरुआत नहीं, बल्कि सीमित स्तर की कार्रवाई थी और दोनों देशों के बीच लागू युद्धविराम अब भी प्रभावी बना हुआ है।
हालिया तनाव की वजह होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी और ईरानी सैन्य गतिविधियों को माना जा रहा है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी नौसेना के तीन युद्धपोत इस क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी ईरानी बलों ने मिसाइल, ड्रोन और छोटी नौकाओं के जरिए उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने सभी हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया।
ट्रंप ने कहा कि जवाबी कार्रवाई में ईरान की कई नौकाएं तबाह कर दी गईं और अमेरिकी रक्षा प्रणाली ने मिसाइलों व ड्रोन को बीच रास्ते में ही इंटरसेप्ट कर लिया। उनके अनुसार, इस पूरी कार्रवाई में अमेरिकी युद्धपोतों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
इस बीच ट्रंप ने अमेरिका और ईरान के बीच जारी बातचीत पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है, लेकिन समझौते की जरूरत अमेरिका से ज्यादा ईरान को है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान जल्द से जल्द किसी डील तक पहुंचना चाहता है, जबकि अमेरिका फिलहाल दबाव में नहीं है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि हालिया जवाबी कार्रवाई में ईरान को कुछ ही मिनटों में भारी नुकसान उठाना पड़ा। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने हमले में इस्तेमाल किए गए ड्रोन और मिसाइलों को पूरी तरह नष्ट कर दिया और जवाबी ऑपरेशन बेहद प्रभावी रहा।
इसके साथ ही ट्रंप ने ईरान को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि युद्धविराम कायम नहीं रहता, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने संकेत दिए कि अमेरिका भविष्य में और कड़ी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.