भारत मंडपम प्रदर्शन मामले में दो और गिरफ्तार, जांच तेज

नई दिल्ली। राजधानी के भारत मंडपम में हुए यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने दो और लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान 36 वर्षीय अजय कुमार विमल और 24 वर्षीय राजा गुर्जर के रूप में हुई है।
इससे पहले भी इस प्रकरण में चार अन्य प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पटियाला हाउस कोर्ट ने इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) से जुड़े चार कार्यकर्ताओं को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पहले पकड़े गए लोगों में बिहार से राष्ट्रीय सचिव कृष्ण हरि, बिहार प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना के नरसिम्हा यादव शामिल हैं। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कार्यक्रम स्थल पर आपत्तिजनक नारे लगाए गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहनकर विरोध दर्ज कराया गया।
कार्यक्रम स्थल में ऐसे पहुंचें प्रदर्शनकारी
पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। कुछ कार्यकर्ता क्यूआर कोड के जरिए समिट स्थल में प्रवेश कर गए और हॉल नंबर पांच की लॉबी तक पहुंच गए, जहां विदेशी प्रतिनिधिमंडल और अन्य अतिथि मौजूद थे। वहां पहुंचकर उन्होंने अपने जैकेट और स्वेटर उतारकर नारेबाजी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि उनकी टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरों के साथ कुछ राजनीतिक संदेश लिखे थे। अचानक हुए इस विरोध से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
जांच का दायरा बढ़ा
दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान तीन लोग घायल भी हुए। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस विरोध के पीछे कोई साजिश तो नहीं थी, इसकी फंडिंग कहां से हुई और टी-शर्ट किसने छापीं।
प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक पर हमला करने, घृणास्पद भाषण और आपराधिक साजिश जैसे आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.