दिल्ली के मिलन गार्डन में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन मकान गिरने से 3 की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसे की सूचना रविवार शाम करीब 6:46 बजे पुलिस को मिली।
- मकान करीब 200 गज का था और उसमें एक अतिरिक्त मंजिल बनाने का काम चल रहा था।
- रविवार शाम करीब 5 बजे तक लेंटर डालने का काम हुआ था।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रविवार को एक निर्माणाधीन मकान ढह गया। हादसे के बाद मलबे से तीन शव बरामद किए गए हैं। उत्तर-पूर्वी जिले के एडिशनल डीसीपी संदीप लम्बा ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटनास्थल पर बचाव अभियान अभी जारी है।
यह हादसा हर्ष विहार के मिलन गार्डन इलाके में सेवाधाम रोड पर हुआ। रविवार शाम मकान अचानक ढह गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। देर रात मंत्री कपिल मिश्रा और आशीष सूद भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।
करीब 200 गज का था मकान
उत्तर-पूर्वी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6:46 बजे मिलन गार्डन, सेवाधाम रोड, हर्ष विहार में लगभग 200 गज के मकान के ढहने की सूचना मिली थी। इसके बाद बचाव दल को तुरंत मौके पर भेजा गया। घटनास्थल पर पुलिस की मुलाकात मकान मालिक कुलविंदर तंवर से हुई।
रविवार को ही डाला गया था लेंटर
मकान मालिक ने बताया कि वह हादसे वाली इमारत से कुछ मकान की दूरी पर अपने परिवार के साथ रहता है। वहां पहले से पुराना मकान बना हुआ था और पिछले कुछ दिनों से उस पर एक और मंजिल बनाने का काम चल रहा था। रविवार को ही नई मंजिल का लेंटर डाला गया था। शाम करीब 5 बजे तक लेंटर डालने का काम चल रहा था। श्रमिकों के वहां से जाने के बाद अचानक मकान ढह गया।
लेंटर का भार नहीं सह पाया पुराना मकान?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि लेंटर डालने के दौरान ही मकान गिरता, तो हताहतों की संख्या अधिक हो सकती थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मलबे में कोई और व्यक्ति दबा है या नहीं। मलबा हटाए जाने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। आशंका जताई जा रही है कि पुराना मकान नए लेंटर का भार नहीं सह पाया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.