देशभर में मौसम का बदला मिज़ाज: बारिश, ओले और ठंड का अलर्ट

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम लगातार बदलाव के संकेत दे रहा है। हाल के दिनों में तापमान में अचानक गिरावट के बाद गर्मी का असर महसूस हुआ, लेकिन बुधवार को कई राज्यों में हुई बारिश ने सर्दी को फिर सक्रिय कर दिया।
मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस स्थिति के कारण तापमान में कमी आ सकती है और ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। आइए जानते हैं राज्यवार मौसम का हाल:
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 19 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहेगा, लेकिन तापमान में गिरावट देखी जा रही है। न्यूनतम पारा 12 और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 20 फरवरी को तापमान इसी सीमा में रहेगा। 21 फरवरी को न्यूनतम 13 और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो सकता है। 22 फरवरी से धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने के संकेत हैं।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हाल की बारिश के बाद मौसम फिलहाल स्थिर दिख रहा है। 20 फरवरी से तापमान 28-30 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी का असर महसूस होगा।
उत्तराखंड
उत्तराखंड में पिछले दिनों मौसम शुष्क और हल्की गर्मी वाला था। लेकिन बुधवार को मौसम अचानक बदल गया और केदारनाथ, बद्रीनाथ व हेमकुंड साहिब में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 3000 मीटर या उससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई है।
मध्य प्रदेश
भोपाल, ग्वालियर, रतलाम, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, मंदसौर सहित 20 जिलों में बारिश दर्ज हुई। 19 फरवरी को ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है।
राजस्थान
राजस्थान के 11 जिलों में तेज हवाओं और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग और शेखावाटी के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। बुधवार को चार जिलों में ओले भी गिरे थे।
तमिलनाडु और पुडुचेरी
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र और इसके बढ़ने की संभावना के कारण आने वाले दिनों में तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। 21 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
हरियाणा
भिवानी और रेवाड़ी में बुधवार दोपहर हल्की बारिश और ओले गिरे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हिसार समेत अन्य इलाकों में 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं और ओलों की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.