महिला आरक्षण बिल: इकरा हसन के घर के बाहर भाजपा महिलाओं का विरोध प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के कैराना स्थित समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के आवास के बाहर मंगलवार को महिला आरक्षण के समर्थन में विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी महिला कार्यकर्ताओं ने धरना देकर विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण बिल के विरोध का आरोप लगाया और इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया।
प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में महिलाएं दोपहर करीब 12 बजे सांसद आवास के बाहर पहुंचीं। यह प्रदर्शन भाजपा की विधानसभा संयोजक सुधा तोमर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान कांधला मंडल अध्यक्ष रश्मिकांत, मंडल संयोजक प्रतिभा, राजेश मलिक, गीता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिलाओं ने आवास के बाहर बैठकर नारेबाजी शुरू की और महिला आरक्षण के समर्थन में अपनी आवाज उठाई।
धरना प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जोरदार नारे लगाए। उन्होंने “फूल नहीं चिंगारी है, हम भारत की नारी हैं”, “जो हमसे टकराएगा, चूर-चूर हो जाएगा” और “नारी शक्ति का स्वाभिमान, विपक्ष ने किया अपमान” जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
भाजपा नेताओं का कहना है कि संसद में महिला आरक्षण का विरोध करना महिलाओं के अधिकारों का अपमान है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं सुधा तोमर ने कहा कि महिलाएं 33 प्रतिशत आरक्षण लेकर रहेंगी और इस मुद्दे पर विपक्ष का रुख गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सम्मान से जुड़े मुद्दों पर उनका विरोध भविष्य में भी जारी रहेगा।
धरने को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.