यूपी से सऊदी अरब जाएंगे 115 हज इंस्पेक्टर, 450 सरकारी कर्मचारियों ने किया आवेदन

सऊदी अरब में आगामी हज यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सहायता के लिए राज्य हज इंस्पेक्टर (खादिमुल हुज्जाज) नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत अब तक प्रदेश के करीब 450 सरकारी कर्मचारियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित परीक्षा और साक्षात्कार शामिल होंगे।
भारत की हज कमेटी हर वर्ष सऊदी अरब में तीर्थयात्रियों की सेवा के लिए पुरुष और महिला कर्मचारियों को खादिमुल हुज्जाज के रूप में नियुक्त करती है। इनकी जिम्मेदारी हज यात्रियों के ठहरने, परिवहन, और हज के सभी धार्मिक अनुष्ठानों में सहायता करने की होती है। इस वर्ष उत्तर प्रदेश से 17,226 हज यात्री यात्रा पर रवाना होंगे।
राज्य हज कमेटी के सचिव एस. पी. तिवारी के अनुसार, आवेदन की अंतिम तिथि 3 नवंबर तक लगभग 450 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रति 150 हज यात्रियों पर एक इंस्पेक्टर नियुक्त किया जाएगा, यानी कुल करीब 115 हज इंस्पेक्टरों का चयन किया जाना है। इसके लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 16 नवंबर को आयोजित की जाएगी, जबकि साक्षात्कार नवंबर के चौथे सप्ताह में होंगे। इसके बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।
तिवारी ने बताया कि बिना महरम (पुरुष साथी) वाली महिला हज यात्रियों की सहायता के लिए विशेष रूप से महिला हज इंस्पेक्टरों का चयन भी किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.