अमेरिका में एयरपोर्ट पर हुए हादसे में 2 पायलटों की मौत

अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ला गार्डिया एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। रनवे पर एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान ग्राउंड वाहन (ट्रक) से टकरा गया। हादसे के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान में सवार 100 से अधिक यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस दुर्घटना में विमान के पायलट और सह-पायलट की मौत हो गई। अधिकारियों द्वारा की जा रही शुरुआती जांच में सामने आया है कि टक्कर से कुछ ही क्षण पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने पायलट और वाहन चालक दोनों को रुकने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद टक्कर टाली नहीं जा सकी।
एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों पर रोक
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightRadar24 ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि हादसे के बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटना के तुरंत बाद अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट पर ‘ग्राउंड स्टॉप’ लागू कर दिया। इसके चलते फिलहाल सभी उड़ानों का संचालन रोक दिया गया है।
हादसे से पहले कई बार दी गई थी चेतावनी
समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक जांच में सामने आए शुरुआती ऑडियो रिकॉर्डिंग और फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा से संकेत मिलता है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने दुर्घटना से पहले कई बार पायलट और ट्रक चालक को रुकने के निर्देश दिए थे। हालांकि दोनों पक्ष समय रहते नियंत्रण नहीं कर पाए और विमान रनवे पर मौजूद वाहन से जा टकराया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान का अगला हिस्सा ऊपर की ओर उठा हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे टक्कर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कई लोग घायल, दमकलकर्मी भी प्रभावित
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि हादसे में कम से कम पांच दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इसके अलावा विमान में सवार 100 से अधिक यात्रियों के घायल होने की भी खबर है।
घटनास्थल पर एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायरफाइटिंग (ARFF) की टीमें तैनात हैं और राहत कार्य जारी है। अधिकारियों ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.