गुलमर्ग के सनशाइन पीक पर फंसे 24 पर्यटक, सेना ने सुरक्षित निकाला

गुलमर्ग (श्रीनगर) के ऊंचाई वाले पर्यटन स्थल सनशाइन पीक पर शनिवार को बड़ा हादसा टल गया, जब वहां फंसे 24 पर्यटकों को भारतीय सेना ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी पर्यटक मध्य प्रदेश (भोपाल), महाराष्ट्र, पुणे, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से आए थे।
जानकारी के अनुसार, पर्यटक एक निजी हेलीकॉप्टर के जरिए करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित सनशाइन पीक पर घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और इलाके में तेज बर्फबारी, घना कोहरा और खराब विजिबिलिटी की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के बाद वह सुरक्षित रूप से लौट नहीं सका, जिसके चलते यात्री ऊंचाई वाले इलाके में फंस गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय सेना की चिनार वारियर्स यूनिट, जम्मू-कश्मीर पुलिस, बारामूला प्रशासन और गुलमर्ग विकास प्राधिकरण ने मिलकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। चुनौतीपूर्ण मौसम, तेज हवाओं और कम दृश्यता के बावजूद सेना के एविएशन पायलटों ने कई प्रयासों के बाद फंसे हुए पर्यटकों तक पहुंच बनाई।
कठिन परिस्थितियों में चलाए गए इस ऑपरेशन में सभी 24 लोगों को सुरक्षित नीचे लाया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। अधिकारियों ने इसे त्वरित निर्णय और बेहतर समन्वय का सफल उदाहरण बताया।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सेना और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों ने समय रहते बेहतर तालमेल दिखाते हुए पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की। साथ ही उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बचा जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.