ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, पति-पत्नी और तीन बच्चों के मिले शव

HIGHLIGHTS
- घटना रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीगोपाल गांव की है।
- मृतकों में 37 वर्षीय महेश, उनकी पत्नी और तीन नाबालिग बच्चे शामिल हैं।
- शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार ने रात में नूडल्स खाए थे।
ग्रेटर नोएडा। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीगोपाल गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, नगला पदम निवासी महेश, उनकी पत्नी ललतेश और तीन नाबालिग बच्चे रात करीब 10 बजे मैगी खाकर सोए थे। सुबह जब परिवार के सदस्य नहीं उठे तो लोगों को संदेह हुआ। जांच करने पर पांचों बिस्तर पर मृत मिले।
घर के बाहर लोगों की भीड़ जुटी
रबूपुरा थाने को एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की सूचना मिली। घटना की जानकारी फैलने के बाद घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान इस प्रकार की है।
महेश पुत्र कृष्ण, निवासी नगला श्री पदम, उम्र 37 वर्ष
ललिता पत्नी महेश, उम्र 35 वर्ष
लड्डू पुत्र महेश, उम्र 11 वर्ष
मिष्टी पुत्री महेश, उम्र 7 वर्ष
साक्षात पुत्र महेश, उम्र 3 वर्ष
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल, वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। आसपास के लोगों और मृतक महेश की मां ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने रात में नूडल्स खाए थे।
हालांकि, अभी तक मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.