मुजफ्फरनगर में ससुराल के बाहर महिला का धरना, लगाए गंभीर आरोप

मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र स्थित ए-टू-जेड कॉलोनी में रविवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक महिला अपने ससुराल के बाहर धरने पर बैठ गई। महिला ने ससुराल पक्ष पर शादी के बाद लगातार प्रताड़ित करने और बाद में घर में रखने से साफ इनकार करने का आरोप लगाया है।
धरने पर बैठी महिला की पहचान शिल्पा निवासी गांव पिनना के रूप में हुई है। उसने बताया कि उसकी शादी 30 अप्रैल 2025 को अमित अहलावत से हुई थी। शिल्पा के अनुसार यह दोनों की दूसरी शादी थी। महिला का आरोप है कि शादी से पहले उसके पति को एक सफल व्यवसायी बताया गया था, लेकिन बाद में पता चला कि वह कोई काम नहीं करता और शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके परिवार ने शादी में अपनी क्षमता से अधिक दहेज और उपहार दिए, फिर भी उसे ससुराल में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। उसका कहना है कि करीब तीन महीने पहले वह अपने मायके चली गई थी, जहां पति ने उसे वापस बुलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष ने उसे रखने से इनकार कर दिया।

इसके बाद महिला सीधे अपने ससुराल पहुंची और घर के बाहर धरने पर बैठ गई। उसके बैठते ही परिवार के लोगों ने घर का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ ही देर में इलाके में भीड़ जमा हो गई और स्थिति चर्चा का विषय बन गई।
सूचना मिलने पर नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत करने का प्रयास किया। पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
महिला ने साफ कहा है कि जब तक उसे ससुराल में प्रवेश नहीं दिया जाता, वह अपना धरना समाप्त नहीं करेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.