45 दिन बाद खुला राज! आगरा में बाथरूम के नीचे मिला पति का कंकाल, पत्नी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- आगरा में एक महिला पर आरोप है कि उसने शराबी पति की प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और ऊपर पक्का फर्श बनवा दिया।
- करीब 45 दिन बाद पुलिस ने जांच के दौरान बाथरूम से कंकाल बरामद किया, जिसके बाद महिला को 14 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
- पुलिस के अनुसार, मामले में पति की पत्नी के अलावा किसी और की संलिप्तता नहीं पाई गई है, जबकि डीएनए और पोस्टमार्टम जांच जारी है।
आगरा में एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा हुआ है, जहां कथित तौर पर शराबी पति की प्रताड़ना से परेशान पत्नी ने उसकी हत्या कर शव को घर के बाथरूम में ही दफना दिया और उसके ऊपर पक्का फर्श भी बनवा दिया। पुलिस ने 14 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस जांच के दौरान बाथरूम से शव के अवशेष (कंकाल) बरामद किए गए, जिसका डीएनए सैंपल लिया गया है। इस मामले में शामिल मिस्त्री और मजदूर से भी पूछताछ की गई, लेकिन उन्हें निर्दोष मानकर छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा अपनी पत्नी रूबी और परिवार के साथ आगरा की रेणुका धाम कॉलोनी में रह रहे थे। आरोप है कि रूबी ने करीब 45 दिन पहले पति की हत्या कर शव को बाथरूम में गाड़ दिया और बाद में उसे छिपाने के लिए फर्श पक्का करवा दिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 17 मई की रात महिला ने कथित तौर पर पति को खीर में नींद की दवा मिलाकर दी। इसके बाद जब सुबह उसने देखा तो पति की मौत हो चुकी थी। उस समय घर में उनकी दो बेटियां और सास मौजूद थीं।
इसके बाद महिला ने बच्चों को सास के पास भेज दिया और जेठ को घर से दूर बुलाकर मामले को छिपाने की कोशिश की। फिर कथित रूप से बाथरूम का कच्चा फर्श खोदकर शव को वहां दबा दिया और मिट्टी व निर्माण सामग्री मंगवाकर उसे ढक दिया।
बाद में स्थानीय मिस्त्री को बुलाकर बाथरूम का फर्श दोबारा बनवाया गया। मिस्त्री और मजदूर ने पूछताछ में बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि नीचे शव दबा हुआ है।
पुलिस ने महिला से लंबी पूछताछ की, जिसमें वह बार-बार अपने बयान बदलती रही और कई बार भावुक होकर रो पड़ी। अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की गई, जिसमें कोई बाहरी संलिप्तता सामने नहीं आई।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस घटना में केवल पत्नी की ही संलिप्तता सामने आई है। कंकाल का डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.