कांवड़ यात्रा की सुरक्षा में ATS तैनात, मंत्री कपिल देव बोले- आतंकी और असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए ATS समेत विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
- ड्रोन, CCTV कैमरों और पुलिस बल की मदद से पूरे कांवड़ मार्ग की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
- राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरनगर। सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने गुरुवार दोपहर 2 बजे अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी आतंकी या असामाजिक गतिविधि को रोकने के लिए जिले में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य करोड़ों शिवभक्तों की यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराना है।
शिवभक्तों की सेवा को बताया सौभाग्य
राज्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार और ऋषिकेश से गंगाजल लेकर लाखों-करोड़ों श्रद्धालु अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है।
उन्होंने बताया कि कई श्रद्धालु 250 से 300 लीटर तक गंगाजल लेकर लंबी पदयात्रा करते हैं। ऐसे में कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल, विश्राम, चिकित्सा सुविधाओं और 24 घंटे बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
ड्रोन और CCTV से 24 घंटे निगरानी
कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद कांवड़ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। इसके अलावा डीजीपी और मुख्य सचिव स्तर से भी सभी जिलों की निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पूरे कांवड़ मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और अन्य आधुनिक संसाधनों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।
उपद्रव करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
राज्यमंत्री ने कहा कि ATS की तैनाती का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी आतंकी या असामाजिक तत्व कांवड़ यात्रा में किसी तरह की बाधा न पहुंचा सके।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कांवड़ यात्रियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और यात्रा की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.