बागपत के निशानेबाज अखिल श्योराण को मिलेगा अर्जुन अवार्ड, जिले में खुशी की लहर

HIGHLIGHTS
- युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने 17 खिलाड़ियों के नाम घोषित किए
- अखिल श्योराण ने स्कूल के दिनों से निशानेबाजी शुरू की थी
- वर्ष 2010 में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीता
बागपत। अंगदपुर जौहड़ी गांव के किसान रविंद्र सिंह के घर जन्मे निशानेबाज अखिल श्योराण को अर्जुन अवार्ड मिलेगा। युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के तहत वर्ष के प्रतिष्ठित अर्जुन अवार्ड के लिए 17 खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की है। अखिल का नाम भी इस सूची में शामिल है। उनकी उपलब्धि पर स्वजन और ग्रामीणों ने खुशी जताई। वहीं, जिले के निशानेबाजों में भी खुशी की लहर है।
दो भाइयों में बड़े अखिल श्योराण ने स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही निशानेबाजी शुरू की। कुछ अलग करने की लगन और लगातार मेहनत के दम पर अखिल ने विश्व के सर्वोच्च निशानेबाजों में अपनी जगह बनाई और देश के लिए कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कर गौरव बढ़ाया।
अखिल बताते हैं कि उनके पिता कहते थे कि शिक्षा के साथ खेल में भी बड़ा लक्ष्य हासिल करने पर सरकार रोजगार देती है। इसी बात से प्रेरणा लेकर उन्होंने वर्ष 2007 में मेरठ स्थित गाडविन पब्लिक स्कूल में पढ़ते समय वुशु खेल से शुरुआत की। मन नहीं लगने पर वर्ष 2008 में 10 मीटर एयर राइफल से निशानेबाजी शुरू की।
वर्ष 2010 में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के बाद उनकी सफलता का सिलसिला शुरू हुआ। पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीन में हुई एशियन एयरगन शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने दो पदक जीते। इसके बाद उनकी सफलता का दौर जारी रहा। वह अब तक करीब 32 अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं।
विश्व रिकॉर्ड के साथ पदक बड़ी उपलब्धि
चीन में कोविड के चलते वर्ष 2023 में हुए 19वें एशियन गेम्स 2022 में अखिल ने एयर राइफल स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसी वर्ष वर्ल्ड चैंपियनशिप में एक कांस्य और एक स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। इस उपलब्धि पर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2024 में उन्हें यूपी पुलिस में डीएसपी बनाया और प्रतिष्ठित लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित किया।
ये हैं अखिल श्योराण की उपलब्धियां
- 39 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया और 32 अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं।
- पेरिस ओलिंपिक 2024 के लिए ओलिंपिक कोटा प्राप्त किया, लेकिन प्रतिभाग नहीं कर सके।
- 19वें एशियन गेम्स में विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता।
- आइएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण एवं कांस्य पदक जीता।
- 50 मीटर थ्री पोजीशन पुरुष स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप में व्यक्तिगत पदक जीतने वाले पहले भारतीय।
- एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में दोहरा स्वर्ण पदक विजेता।
- वर्ल्ड यूनिवर्सिटी चैंपियन।
- वर्ल्ड कप में स्वर्ण एवं कांस्य पदक जीता।
- पूर्व विश्व नंबर एक एवं एशिया नंबर एक खिलाड़ी।
- वर्ष 2024 में लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित।
- वर्ष 2012 से भारतीय शूटिंग टीम के सदस्य।
चार पहलवानों और एक निशानेबाज को मिल चुका अर्जुन अवार्ड
जिले के मलकपुर गांव के रहने वाले एशिया चैंपियन सुभाष पहलवान, राजीव तोमर और इसी गांव के शोकेंद्र पहलवान के अलावा दाहा गांव के पहलवान सुनील राणा को अर्जुन अवार्ड मिल चुका है।
निशानेबाज विवेक सिंह को भी अर्जुन अवार्ड मिल चुका है। मलकपुर में तीन पहलवानों को अर्जुन अवार्ड मिलना बड़ी उपलब्धि है। अब अखिल श्योराण को यह अवार्ड मिलने के बाद जिले में अर्जुन अवार्ड की संख्या छह हो जाएगी।
अवार्ड पाने पर ये मिलती हैं सुविधाएं
अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और कोच डॉ. राजपाल सिंह ने बताया कि अवार्ड पाने वाले खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये, अर्जुन की एक कांस्य प्रतिमा और एक प्रमाण पत्र, हर महीने 20 हजार रुपये की स्कॉलरशिप और ट्रेन में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा मिलती है।
अर्जुन अवार्ड विजेताओं को आजीवन मुफ्त रेलवे पास मिलता है। इससे उन्हें राजधानी और शताब्दी ट्रेनों सहित सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रथम एसी और द्वितीय एसी में यात्रा की सुविधा मिलती है। 65 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद वे अपने साथ एक साथी को भी उसी श्रेणी में यात्रा करा सकते हैं।
अर्जुन अवार्ड की घोषणा से खुशी की लहर
इस बार अर्जुन अवार्ड के लिए 17 खिलाड़ियों की सूची घोषित की गई है। निशानेबाजी के लिए अखिल श्योराण को भी इसमें शामिल किया गया है। इस उपलब्धि पर पिता रविंद्र सिंह, मां ममता देवी और पत्नी श्रीयंका खुश हैं। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. कुलप्रकाश, संजीव तोमर, संतोष, शंकर, अवनी, प्राची आदि ने मिठाई खिलाकर स्वजन को बधाई दी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.