मुरादाबाद से 25 हजार का इनामी बांग्लादेशी गिरफ्तार

मुरादाबाद के सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में पुलिस और एटीएस ने आकाश ग्रीन सोसायटी से 25 हजार रुपये के इनामी बांग्लादेशी अनस को गिरफ्तार किया। अनस और उसके परिवार के पांच अन्य सदस्यों के खिलाफ 16 अप्रैल 2023 को कटघर थाने में मामला दर्ज किया गया था। तब से पुलिस उसकी तलाश में थी, लेकिन अनस शहर की पॉश कॉलोनी में रहकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल 2023 को कटघर पुलिस ने कोहिनूर तिराहा के पास निसार और उसके परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। ये सभी लोग फर्जी आधार कार्ड बनाकर किराये के मकानों में रह रहे थे। पूछताछ में निसार ने बताया कि उसका बेटा अनस भी उनके साथ रहता था, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही फरार हो गया था। एसएसपी सतपाल अंतिल ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शुक्रवार की देर रात कटघर पुलिस और एटीएस ने अनस को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी से फर्जी आधार कार्ड बरामद किया है। पूछताछ में अनस ने बताया कि वह मुरादाबाद में अलग-अलग जगहों पर किराये के मकान लेकर रह रहा था। कुछ समय से वह सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार स्थित आकाश ग्रीन सोसायटी में फ्लैट में रह रहा था। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
मेरठ में बनवाए थे फर्जी दस्तावेज
कटघर थाने की पुलिस ने पहले निसार, उसकी पत्नी फतिमा उर्फ अमीना, और उनकी तीन बेटियों रिहाना, अर्शी और गुलशन को मेरठ के फर्जी दस्तावेज बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि यह परिवार बांग्लादेश के उखिया कोक्स बाजार का रहने वाला है और पहले मेरठ में फर्जी कागजात बनवाकर मुरादाबाद में रहने आया।
अनस 19 साल पहले आया था भारत
अनस अपने परिवार के साथ 19 साल पहले भारत आया था। शुरू में परिवार ने मेरठ की मीट फैक्टरी में काम किया और बाद में फर्जी दस्तावेज बनवाकर मुरादाबाद में आकर बस गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.