बड़ौत में दिनदहाड़े फायरिंग, टेंट व्यापारी और बेटे की गोली मारकर हत्या

बड़ौत। शहर के बस अड्डे पर मंगलवार शाम पुरानी रंजिश ने खौफनाक रूप ले लिया, जब कुख्यात बदमाश वरुण लुहारी और उसके साथियों ने टेंट व्यापारी सोहनलाल और उनके बेटे विकास पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में दोनों पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि एक राहगीर सहित तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान एक गोली लगने से राहगीर रोहित भी घायल हो गया। फायरिंग के दौरान हुई जवाबी कार्रवाई में बदमाश वरुण लुहारी भी घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि यह वारदात 2016 की पुरानी रंजिश से जुड़ी हुई है, जब दोनों पक्षों के बीच हुई फायरिंग में वरुण लुहारी के भाई की मौत हो गई थी। उसी रंजिश के चलते मंगलवार शाम हमलावर दो बाइकों पर सवार होकर बस अड्डे पर पहुंचे और पिस्टल व तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।
हमले के जवाब में व्यापारी पक्ष की ओर से भी गोलीबारी की गई, लेकिन हमलावरों की फायरिंग में सोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे विकास ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायल रोहित को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और भीड़ को शांत कराया।
स्थानीय लोगों ने बदमाशों को घेरने का प्रयास किया, जिसके बाद आरोपी हथियार छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बरामद हथियार कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.