बेंगलुरु के फाइव-स्टार होटल के स्विमिंग पूल में करंट फैलने से दो विदेशी नागरिकों की मौत

HIGHLIGHTS
- मृतकों में 57 वर्षीय लुफ्थांसा क्रू मेंबर और 45 वर्षीय IBM प्रोजेक्ट मैनेजर शामिल थे।
- घायलों की पहचान अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसैंटिस और पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी के रूप में हुई।
- दोनों घायलों का मणिपाल अस्पताल में इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं।
बेंगलुरु। बेंगलुरु के एक आलीशान फाइव-स्टार होटल में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। कॉनराड होटल के स्विमिंग पूल में कथित तौर पर करंट फैलने से दो विदेशी नागरिकों की जान चली गई। दोनों होटल में ही ठहरे हुए थे। उन्हें बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग भी घायल हो गए, जिनमें एक अमेरिकी नागरिक और होटल का भारतीय कर्मचारी शामिल है।
जर्मनी और स्लोवाकिया के नागरिकों की मौत
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस और 45 वर्षीय जुराज होर्वाट के रूप में हुई है। अलेक्जेंडर जर्मनी के नागरिक थे और लुफ्थांसा एयरलाइंस में क्रू मेंबर के तौर पर काम करते थे। वहीं, जुराज स्लोवाकिया के रहने वाले थे और टेक कंपनी IBM में प्रोजेक्ट मैनेजर थे।
बचाव की कोशिश में अमेरिकी नागरिक और कर्मचारी घायल
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में यह घटना उस समय हुई, जब दोनों विदेशी नागरिक तैरने के लिए पहुंचे थे।
उन्हें बचाने के लिए होटल में ठहरे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसैंटिस और 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी ने कोशिश की। इस दौरान दोनों घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, होटल प्रबंधन की ओर से इस हादसे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
शनिवार सुबह होटल की वेबसाइट पर स्विमिंग पूल को लेकर जानकारी अपडेट की गई। इसमें बताया गया कि पूल को 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रखरखाव के काम के लिए बंद रखा जाएगा।
24 मंजिला है कॉनराड होटल
कॉनराड, हिल्टन ग्रुप का 24 मंजिला लग्जरी फाइव-स्टार होटल है। यहां एक सामान्य कमरे में ठहरने का किराया कम से कम 25,000 रुपये प्रति रात बताया गया है। इस हादसे के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था और संभावित लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.