खरगे की टिप्पणी के विरोध में दिल्ली में भाजपा का प्रदर्शन, हर्ष मल्होत्रा हिरासत में

HIGHLIGHTS
- प्रदर्शन सेना भवन सर्किल के पास राजा जी मार्ग पर हुआ।
- दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
- राजेश भाटिया और मोहन लाल गिहारा भी हिरासत में लिए गए।
राजधानी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदर्शन किया। दिल्ली भाजपा की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने वरिष्ठ नेताओं के साथ किया।
प्रदर्शन सेना भवन सर्किल के पास, राजा जी मार्ग पर आयोजित किया गया। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हर्ष मल्होत्रा को राजा जी मार्ग से हिरासत में ले लिया। उनके साथ दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष राजेश भाटिया और महासचिव मोहन लाल गिहारा को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने कई अन्य नेताओं को भी हिरासत में लेकर मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचाया।
पटना के कार्यक्रम में क्या हुआ था?
इस विवाद की शुरुआत बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण के बीच एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं।
इस पर जवाब देते हुए खरगे ने कहा, 'मोदी के बाप भी चले जाएंगे।' भाजपा ने इस बयान को प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक बताते हुए विरोध शुरू कर दिया।
खरगे की टिप्पणी के विरोध में देशभर में प्रदर्शन की तैयारी
मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने सभी राज्यों में पार्टी कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करने का फैसला किया है। पार्टी ने अपनी राज्य इकाइयों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रदर्शन में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बड़ी संख्या में शामिल होने की उम्मीद है। पार्टी का कहना है कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन नेताओं को बयान देते समय भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.