मेरठ-सहारनपुर एमएलसी चुनाव में भाजपा की जीत, श्रीचंद शर्मा और दिनेश गोयल दूसरी बार बने एमएलसी

HIGHLIGHTS
- श्रीचंद शर्मा को शिक्षक एमएलसी चुनाव में 18,099 वोट मिले।
- दिनेश गोयल ने स्नातक सीट पर 24,928 वोट हासिल किए।
- दोनों भाजपा नेताओं ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की।
मेरठ-सहारनपुर खंड की शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। शिक्षक सीट पर भाजपा के श्रीचंद शर्मा लगातार दूसरी बार विजयी हुए। उन्हें 18,099 वोट मिले। वहीं, सपा उम्मीदवार नितिन कुमार तोमर दूसरे स्थान पर रहे। माध्यमिक शिक्षक संघ के शर्मा गुट के उम्मीदवार डॉ. सुशील कुमार पुंडीर, ठकुराई गुट के सुशील चौधरी समेत अन्य प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा।
स्नातक सीट पर भी भाजपा के दिनेश गोयल ने दूसरी बार जीत हासिल की। उन्हें कुल 24,928 वोट मिले। सपा के प्रमेंद्र सिंह भाटी एडवोकेट दूसरे स्थान पर रहे। इस सीट पर भी शिक्षक दलों के उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा।
शिक्षक एमएलसी: श्रीचंद शर्मा
श्रीचंद शर्मा का जन्म 15 जून 1966 को गौतमबुद्ध नगर जिले के धूम मानिकपुर गांव में हुआ था। उन्होंने ज्योतिष शास्त्र से स्नातक की पढ़ाई की और केशव माधव शिक्षण संस्थान की स्थापना की।
वर्ष 1988 में वे आरएसएस के स्वयंसेवक बने। 1996 में उन्हें विहिप का जिला प्रमुख बनाया गया। इसके बाद 1998 में उन्होंने सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली और वर्ष 2000 में आरएसएस के जिला प्रचार प्रमुख बने।
श्रीचंद शर्मा 2004 से 2007 तक भाजपा के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष रहे। वर्ष 2013 से 2016 तक उन्हें भाजपा का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा वे प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक भी रहे।
वर्ष 2019 में भाजपा ने उन्हें शिक्षक एमएलसी सीट से प्रत्याशी बनाया। इसके बाद 2020 में उन्होंने शिक्षक एमएलसी का चुनाव जीता।
स्नातक एमएलसी: दिनेश गोयल
दिनेश गोयल का जन्म 1 जुलाई 1953 को मेरठ जिले के कुराली गांव में हुआ था। विज्ञान वर्ग से स्नातक दिनेश गोयल व्यापार से जुड़े हैं। वे राजकुमार गोयल इंस्टीट्यूशंस ग्रुप समेत कई शिक्षण संस्थानों के चेयरमैन हैं।
वे अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज के संस्थापक सदस्य हैं। इसके अलावा राजकुमार गोयल जूनियर हाईस्कूल, पुरामहादेव, बागपत के प्रबंधक और श्रीकृष्ण गोशाला, गाजियाबाद के अध्यक्ष हैं। वे कई सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं से भी प्रमुख रूप से जुड़े हुए हैं।
वर्ष 2020 में भाजपा ने उन्हें मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक सीट से प्रत्याशी घोषित किया था। उस चुनाव में उन्होंने बड़े अंतर से जीत हासिल की। अब उन्होंने इस सीट पर दूसरी बार जीत दर्ज की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.