'दोनों डिप्टी सीएम की चल नहीं रही', भाजपा सरकार पर बरसे शिवपाल

आगरा। जैतपुर में मंगलवार को आयोजित कुश्ती दंगल में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार हार के डर से जिला पंचायत चुनाव को टाल रही है। शिवपाल ने आरोप लगाया कि पिछले 10 सालों में केंद्र और प्रदेश सरकारों ने न तो कोई काम किया और न ही अपने वादों को पूरा किया। उनका कहना था कि दोनों सरकारें जनता का भरोसा तोड़कर देश और प्रदेश का शोषण कर रही हैं।
शिवपाल यादव ने जैतपुर में प्रदेश कार्य समिति के पूर्व सदस्य मुकेश बरुआ के प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव समय पर होना चाहिए। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि सपा पूरी ताकत के साथ चुनाव में उतरेगी और पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
शिवपाल ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले शंकराचार्य का अपमान हुआ, उनके अनुयायियों को पीटा गया और अब झूठी प्राथमिकी दर्ज कर दी गई। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार पर देश को 28 प्रतिशत जीएसटी के रूप में लूटने का आरोप लगाया और कहा कि इसे घटाकर 5-10 प्रतिशत होना चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उप मुख्यमंत्री से जुड़े बयान पर शिवपाल ने कहा कि अध्यक्ष सही कह रहे थे, क्योंकि वर्तमान सरकार में उप मुख्यमंत्रियों की भूमिका काम नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायकों की सुनवाई नहीं हो रही और हर विभाग भ्रष्टाचार में डूबा है।
ब्राह्मण समाज को लेकर उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्ग सपा के साथ जुड़ेंगे और उन्हें पूरा सम्मान मिलेगा। कार्यक्रम में सपा नेता सुधीर दुबे के कैंप कार्यालय पर शिवपाल को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा, अल्पसंख्यक सभा के आदिल वेग मिर्जा, और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.