ललितपुर में किन्नर समाज के दो पक्षों में विवाद, मारपीट और धमकी देने के आरोप

HIGHLIGHTS
- शिल्पी राजा ने तीन-चार अज्ञात लोगों के भी विवाद में शामिल होने का आरोप लगाया।
- बीच-बचाव करने पहुंचीं चार साथियों के साथ भी गाली-गलौज का आरोप है।
- शिल्पी राजा ने घटना का वीडियो अपने पास होने का दावा किया है।
उत्तर प्रदेश के ललितपुर में किन्नर समाज के दो पक्षों के बीच विवाद सामने आया है। एक पक्ष की शिल्पी राजा ने रूबी उर्फ घन्सू कुशवाहा और उसके साथ आए तीन-चार अज्ञात लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई करने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
गाली-गलौज के बाद मारपीट करने का आरोप
शिकायती पत्र में शिल्पी राजा पत्नी दिलीप, निवासी चांदमारी, थाना कोतवाली, ललितपुर ने बताया कि 26 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब नौ बजे वह सदनशाह स्थित कोहिनूर गार्डन के पास मौजूद थीं। इसी दौरान रूबी उर्फ घन्सू कुशवाहा तीन-चार अज्ञात लोगों के साथ वहां पहुंची और कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज करने लगी।
शिल्पी राजा के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी ने एकजुट होकर उनके साथ मारपीट की।
बधाई मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, घटना के दौरान शिल्पी राजा की साथी सुनेना, शिवानी, अंजली और शिमरन मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने लगीं। आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उन्हें धमकी दी गई कि अगर वे शहर में कहीं भी बधाई मांगने गईं तो इसका अंजाम ठीक नहीं होगा। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिल्पी राजा ने वीडियो होने की बात कही
शिकायती पत्र में शिल्पी राजा ने दावा किया है कि कथित मारपीट का वीडियो उनके पास मौजूद है। उन्होंने खुद और अपनी साथियों की जान-माल को खतरा बताते हुए पुलिस से मामले की जांच कराने, उचित कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा देने की मांग की है।
वहीं, दूसरे पक्ष की रूबी नायक और मुस्कान नायक ने भी पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.