ऊना में हाईवे पर बस अनियंत्रित, तेज रफ्तार ने मचाया हड़कंप; यात्री सुरक्षित

ऊना। ऊना शहर के पीजी कॉलेज के समीप बुधवार सुबह हरोली से शिमला जा रही एचआरटीसी बस के अनियंत्रित होने से बड़ा हादसा टल गया। तेज रफ्तार बस हाईवे किनारे डिवाइडर से टकराने के बाद लगभग 190 डिग्री घूम गई और इसके बाद सड़क किनारे मौजूद एक दुकान से जा टकराई। बस के फ्रंट शीशे समेत करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
हादसा सुबह 7 बजे हुआ, जब बस में करीब 35 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित रहे। हाईवे उस समय खाली होने के कारण बड़ी त्रासदी टल गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यात्रियों को बाद में दूसरी बस से शिमला भेजा गया। बस सुबह 6:20 बजे हरोली बस अड्डे से रवाना हुई थी। चालक रविंद्र कुमार (धनपुर) बस चला रहे थे।
एचआरटीसी की प्रारंभिक जांच में पता चला कि हादसा चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ। डिवाइडर से टकराने के बाद चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे बस पूरी तरह घूम गई। पुलिस और एचआरटीसी अधिकारी करीब 10 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
एचआरटीसी ने विभागीय जांच बैठा दी है। रिपोर्ट के आधार पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की संभावना है। हादसे में जिस दुकान से बस टकराई थी, उसके साथ समझौता कर लिया गया है। चालक का मेडिकल करवाकर एमएलसी भी कटवाई गई है।
प्रभारी शहरी पुलिस चौकी कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आई है और विभागीय जांच जारी है। उपमंडलीय प्रबंधक सुरेश धीमान ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और बस को मामूली नुकसान हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.