कैमरन ग्रीन बने आईपीएल के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी, 25.20 करोड़ में केकेआर ने खरीदा

नई दिल्ली: आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने शुरू से ही सुर्खियाँ बटोरीं। उनके लिए फ्रेंचाइजी ने भारी बोली लगाई और आखिरकार कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा। ग्रीन का बेस प्राइस केवल दो करोड़ था, यानी वह अपने बेस प्राइस से 13 गुना अधिक कीमत पर बिके और आईपीएल इतिहास में तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए।
नीलामी में ग्रीन का नाम गलती से बल्लेबाजों के सेट में दर्ज किया गया था। हालांकि, जैसे ही उनका नाम सामने आया, चार फ्रेंचाइजियों ने बोली लगानी शुरू कर दी। शुरुआत मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुई, फिर KKR ने एंट्री मारी। अंततः केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच कड़ी टक्कर के बाद केकेआर ने बाज़ी मार ली और ग्रीन को अपनी टीम में शामिल किया। इस खरीद के साथ ही केकेआर को आंद्रे रसेल के रिप्लेसमेंट की जरूरत भी पूरी हो गई, क्योंकि रसेल ने आईपीएल से संन्यास ले लिया था।
नीलामी से पहले ही ग्रीन को लेकर काफी चर्चा थी। मुंबई इंडियंस ने 2023 में उन्हें 17.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। अपने पहले आईपीएल सीजन में ग्रीन ने अलग-अलग पोज़िशन पर बल्लेबाजी करते हुए 452 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 160 से ऊपर और औसत 50 के करीब रहा। आरसीबी के लिए उन्होंने 13 मैचों में 255 रन और 10 विकेट भी लिए।
चोट से उबरने के बाद ग्रीन अब पूरी तरह फिट हैं। हालांकि, ग्रीन ने स्पष्ट किया कि उनके नाम के बल्लेबाज के रूप में दर्ज होने की गलती उनके मैनेजर की वजह से हुई। उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएल में वह गेंदबाजी के लिए भी उपलब्ध रहेंगे। हाल ही में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चल रही एशेज़ सीरीज में भी गेंदबाजी की है।
आईपीएल इतिहास में अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ियों की लिस्ट में ऋषभ पंत (27 करोड़, लखनऊ सुपर जायंट्स) पहले, श्रेयस अय्यर (26.75 करोड़, पंजाब किंग्स) दूसरे और कैमरन ग्रीन तीसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा मिचेल स्टार्क, वेंकटेश अय्यर और हेनरिक क्लासेन जैसे नाम इस सूची को और भी खास बनाते हैं।
आईपीएल के 11 सबसे महंगे खिलाड़ी:
| रैंक | खिलाड़ी | कीमत (₹ करोड़) | टीम |
|---|---|---|---|
| 1 | ऋषभ पंत | 27 | लखनऊ सुपर जायंट्स |
| 2 | श्रेयस अय्यर | 26.75 | पंजाब किंग्स |
| 3 | कैमरन ग्रीन | 25.20 | कोलकाता नाइट राइडर्स |
| 4 | मिचेल स्टार्क | 24.75 | कोलकाता नाइट राइडर्स |
| 5 | वेंकटेश अय्यर | 23.75 | कोलकाता नाइट राइडर्स |
| 6 | हेनरिक क्लासेन | 23 | सनराइजर्स हैदराबाद |
| 7 | विराट कोहली | 21 | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु |
| 8 | निकोलस पूरन | 21 | लखनऊ सुपर जायंट्स |
| 9 | पैट कमिंस | 20.50 | सनराइजर्स हैदराबाद |
| 10 | सैम करन | 18.50 | पंजाब किंग्स |
| 11 | अर्शदीप सिंह | 18 | पंजाब किंग्स |
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.