पश्चिम बंगाल में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और बेटे की हत्या, घर से 200 मीटर दूर हुआ हमला

HIGHLIGHTS
- अनीसुर रहमान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य और नदिया जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव थे।
- बताया गया कि घर लौटते समय बदमाशों ने उनकी कार को रोककर हमला किया।
- हमले में गोलियों के साथ धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान की गोलियों और धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। सूत्रों के मुताबिक, हमले में उनके बेटे अबू सुफियान की भी मौत हो गई है। अनीसुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य, नदिया जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव और नकाशीपाड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष थे।
जानकारी के मुताबिक, अनीसुर रहमान जब अपने घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया और उन पर बंदूक और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
अनीसुर रहमान नकाशीपाड़ा इलाके के जाने-माने कांग्रेस नेता थे। वह लंबे समय से पार्टी में कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सूचना मिलने पर नकाशीपाड़ा पुलिस स्टेशन की पुलिस मौके पर पहुंची।
हत्या के पीछे की वजह पर सवाल
पुलिस ने हत्या की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के पीछे कौन था, हत्या का मकसद क्या था और घटना में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
कांग्रेस नेता का शव फिलहाल नकाशीपाड़ा के अस्पताल में रखा गया है।
घर से महज 200 मीटर दूर हुआ हमला
मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि पिता और बेटा घर जा रहे थे। रेलगेट के सामने उन पर हमला किया गया। बताया गया कि घर से महज 200 मीटर की दूरी पर दोनों पर यह हमला हुआ।
मृतक की साली ने बताया कि अनीसुर रहमान कांग्रेस पार्टी के लिए काम करते थे। वह सभी लोगों के साथ रहते थे और जरूरत के समय सभी के साथ खड़े रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ईर्ष्या के कारण उनके दुश्मनों ने उनकी हत्या की। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनके बेटे को क्यों मारा गया, इसकी जानकारी नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने की घटना की निंदा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने पूरे राज्य में रविवार को काला दिवस मनाने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि नदिया के कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबू सुफियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्य में अल्पसंख्यकों और विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयास के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.