कांवड़ यात्रा से पहले मुजफ्फरनगर में बंद होंगे अवैध कट, DM ने ट्रैफिक और अतिक्रमण पर दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरनगर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अधिकारियों के साथ जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की। यह बैठक शुक्रवार शाम लगभग 6 बजे ज़ूम ऐप के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें यातायात प्रबंधन, अवैध ई-रिक्शा संचालन, अतिक्रमण हटाने और ब्लैक स्पॉट सुधार जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने शहर में बिना अनुमति चल रहे ई-रिक्शाओं से बढ़ते जाम और अव्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने एआरटीओ और ट्रैफिक पुलिस को ई-रिक्शा संचालन के लिए स्पष्ट रूट तय करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी ई-रिक्शाओं की फिटनेस जांच और चालकों के लाइसेंस की नियमित जांच सुनिश्चित करने को भी कहा।

आगामी कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस, नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर अवैध कट बंद करने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए।
सड़क हादसों को रोकने के लिए डीएम ने शिक्षा विभाग को भी निर्देश दिए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि स्कूलों में नियमित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्कूल में अनफिट वाहन न चलें। इसके लिए सभी स्कूलों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने एनएच और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सभी ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां सुधार कार्य तेजी से पूरा करने को कहा। नगर पालिका को पुलिस के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.