दिवाली और छठ पर यूपी में 24 घंटे मिलेगी बिजली, ऊर्जा मंत्री ने दिए निर्देश

HIGHLIGHTS
- ऊर्जा मंत्री ने बकाया वसूली के नाम पर त्योहारों के दौरान बिजली कनेक्शन न काटने के निर्देश दिए।
- झटपट पोर्टल पर लंबित बिजली कनेक्शन आवेदनों का जल्द निस्तारण किया जाएगा।
- नियमित बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और कटौती की परेशानी से बचाने पर जोर दिया गया।
दिवाली और छठ पर्व के दौरान उत्तर प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, इसलिए इस दौरान बिना जरूरत शटडाउन लेने और बार-बार बिजली काटने की अनुमति नहीं होगी।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के समय बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटकर उन्हें परेशान न किया जाए। उन्होंने बड़े और संगठित बिजली चोरों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही छोटे उपभोक्ताओं को बेवजह परेशान नहीं करने की हिदायत दी।
लंबित बिजली कनेक्शन के आवेदनों का जल्द होगा निस्तारण
ऊर्जा मंत्री ने झटपट पोर्टल पर बिजली कनेक्शन के लिए लंबित आवेदनों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा करने और व्यवस्था में जरूरी सुधार करने को भी कहा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के कारण ट्रिपिंग या बिजली कटौती की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता है, वहां तत्काल क्षमता विस्तार किया जाए। इससे त्योहारों के दौरान बिजली की मांग बढ़ने पर आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी।
नवंबर के बिजली बिल में उपभोक्ताओं को मिलेगी 9.70 प्रतिशत राहत
ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत की राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। उन्होंने बताया कि घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने इस राहत का लाभ मिलेगा।
नवसृजित नगर पंचायतों में भी बेहतर होगी बिजली आपूर्ति
ऊर्जा मंत्री ने नवसृजित नगर पंचायतों में बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों में भी मुख्यालयों की तरह निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने के लिए नगर विकास विभाग तैयार है। ऐसे में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तेजी से काम किया जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.