झारखंड में CHO के 1,038 पदों पर भर्ती, 22 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

HIGHLIGHTS
- भर्ती के लिए बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बेसिक नर्सिंग के साथ कम्युनिटी हेल्थ सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम उत्तीर्ण होना जरूरी है।
- सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम वर्ष 2016 से 2020 के बीच या उसके बाद पूरा करने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
- नियुक्ति एक साल के अनुबंध पर होगी, जिसे संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर बढ़ाया जा सकता है।
रांची। झारखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (CHO) के रिक्त पदों को भरने की तैयारी की गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड ने कुल 1,038 पदों पर नियुक्ति करने का निर्णय लिया है। इन पदों पर भर्ती में राज्य की आरक्षण नीति लागू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 31 अक्टूबर से 22 नवंबर तक राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड या झारखंड सरकार के भर्ती पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
यह नियुक्ति एक वर्ष के अनुबंध पर की जाएगी। अभ्यर्थियों का प्रदर्शन संतोषजनक रहने पर अनुबंध की अवधि बढ़ाई जा सकती है।
CHO पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता
इन पदों पर आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों के पास बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बेसिक नर्सिंग की डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ किसी मान्यता प्राप्त नर्सिंग स्कूल से इंटीग्रेटेड करिकुलम के तहत कम्युनिटी हेल्थ सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम उत्तीर्ण होना भी अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों ने यह सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम वर्ष 2016 से 2020 के बीच या उसके बाद पूरा किया हो। अधिकतम आयु सीमा झारखंड सरकार की नियुक्तियों में लागू नियमों के अनुसार निर्धारित की गई है।
अलग-अलग श्रेणियों के लिए आयु सीमा
भर्ती में अनारक्षित और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष रखी गई है। बीसी-1 और बीसी-2 श्रेणी के लिए यह सीमा 37 वर्ष, अनारक्षित महिला अभ्यर्थियों के लिए 38 वर्ष तथा एससी और एसटी श्रेणी के लिए 40 वर्ष निर्धारित है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी श्रेणी के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट भी मिलेगी।
हर महीने 25 हजार रुपये मानदेय
नियुक्त होने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को प्रतिमाह 25,000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 15,000 रुपये तक की अतिरिक्त राशि का भुगतान किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड का लक्ष्य है कि चयनित CHO को अगले वर्ष जनवरी तक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में तैनात कर दिया जाए।
किस श्रेणी में कितने पदों पर होगी भर्ती?
अनारक्षित: 253 पद
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 104 पद
अनुसूचित जनजाति (ST): 280 पद
अनुसूचित जाति (SC): 288 पद
पिछड़ा वर्ग-1 (BC-1): 55 पद
पिछड़ा वर्ग-2 (BC-2): 58 पद
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.