दिल्ली में BS-4 वाहनों की एंट्री बंद, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लगा लंबा जाम

HIGHLIGHTS
- 1 नवंबर को पहले दिन दिल्ली से हजारों वाहनों को वापस भेजा गया था।
- गाजीपुर के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस जाम में फंस गई।
- डीएनडी पर नोएडा जाने वाली लेन में वाहनों की लंबी कतारें लगीं।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण पर काबू पाने के लिए दिवाली से पहले ही गैर-BS-6 वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध 1 नवंबर से लागू है। सोमवार को दूसरे दिन भी डीएनडी समेत दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों और सीमाओं पर वाहनों की जांच जारी रही। इसके चलते कई जगहों पर लंबा जाम लग गया।
गाजीपुर के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यहां एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। हाईवे पर वाहन धीमी गति से आगे बढ़ते दिखाई दिए।
1 नवंबर को पहले दिन ही दिल्ली से हजारों वाहनों को वापस भेजा गया था। सोमवार को भी अलग-अलग सीमाओं पर वाहनों की जांच की जा रही है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से BS-4 वाहनों की जांच के चलते डीएनडी पर नोएडा की तरफ जाने वाली लेन में भारी जाम लग गया।
यूपी गेट पर भी दिल्ली पुलिस वाहनों की जांच कर रही है। इसके कारण एनएच की सर्विस लेन पर भी वाहनों की कतारें लग गईं।
यमुना पुल से सराय काले खां तक यातायात प्रभावित
नोएडा से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर जाम की स्थिति नहीं है और वहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात हैं। हालांकि, नोएडा से दिल्ली की तरफ यमुना पुल के पास जाम लगा हुआ है। सराय काले खां और आउटर रिंग रोड के साथ ही उसके नीचे बनी सर्विस रोड पर भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
दिल्ली-फरीदाबाद बॉर्डर पर भी दिल्ली पुलिस BS-4 वाहनों की जांच कर रही है। नियमों के दायरे में नहीं आने वाले वाहनों को वापस भेजा जा रहा है।
चिल्ला बॉर्डर पर भी वाहनों की कतारें
नोएडा सेक्टर-14ए के पास चिल्ला बॉर्डर पर भी दिल्ली पुलिस की ओर से BS-4 वाहनों की जांच की जा रही है। जांच के चलते यहां भी जाम जैसी स्थिति बन गई है। BS-4 वाहनों को दिल्ली में प्रवेश देने के बजाय वापस भेजा जा रहा है।
पहले दिन 68.4 लाख रुपये का जुर्माना
वहीं, लागू विंटर एक्शन प्लान के पहले दिन पुलिस और प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कुल 68.4 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर भी वाहनों की सघन जांच के कारण यातायात की रफ्तार धीमी रही। जांच के चलते सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.