राजधानी एक्सप्रेस के बेस किचन में मिला एक्सपायर्ड खाना, रेलवे ने लगाया 10 लाख का जुर्माना

HIGHLIGHTS
- अहमदाबाद मंडल रेलवे की विशेष टीम ने बेस किचन में औचक जांच की।
- जांच ‘रेलवे फूड विजिलेंस फोर्स’ ने की।
- 369 पैकेट एक्सपायर्ड हल्दीराम पोहा मिले।
अहमदाबाद। राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहमदाबाद से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अहमदाबाद मंडल रेलवे की विशेष टीम ने राजधानी एक्सप्रेस के लिए भोजन तैयार कर सप्लाई करने वाले बेस किचन में अचानक जांच की। इस दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली। यात्रियों को एक्सपायर्ड खाना परोसे जाने की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने संबंधित खाद्य सेवा प्रदाता पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
विशेष टीम ने किया औचक निरीक्षण
अहमदाबाद मंडल के डीआरएम की ओर से गठित विशेष टीम ‘रेलवे फूड विजिलेंस फोर्स’ ने स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस के बेस किचन में अचानक जांच की। रेलवे की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करना था।
जांच के दौरान बेस किचन में यात्रियों को परोसने के लिए बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री रखी मिली।
टीम को 369 पैकेट एक्सपायर्ड हल्दीराम पोहा और 984 पैकेट हल्दीराम उपमा मिले। इसके अलावा 24 पैकेट एक्सपायर्ड हल्दीराम छोले मसाला और 6 पैकेट एक्सपायर्ड फॉर्च्यून सूजी भी बरामद हुई। रेलवे के अनुसार, यह सभी खाद्य सामग्री यात्रियों को परोसे जाने के लिए रखी गई थी।
एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित खाद्य सेवा प्रदाता के खिलाफ कार्रवाई की गई और उस पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
रेलवे ने क्या कहा?
रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और हाइजीन से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बेस किचन और खाद्य आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है।
रेलवे के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा और निर्धारित मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों के भोजन की गुणवत्ता से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे मामलों में आगे भी औचक जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.