मुजफ्फरनगर: पानीपत-खटीमा हाईवे गोलीकांड का खुलासा, चार गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र में पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हुई गोलीकांड की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि यह वारदात किसी पुरानी दुश्मनी का नतीजा नहीं, बल्कि आपसी कहासुनी और टशन के चलते हुई।

पुलिस के अनुसार घायल ओम पुंडीर और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और अक्सर साथ घूमते-फिरते थे। बुधवार शाम रामपुर तिराहे के पास किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों अलग-अलग वाहनों से आगे बढ़ गए, लेकिन कुछ ही देर में दीदाहेड़ी गांव के पास हाईवे पर फिर आमना-सामना हो गया।
यहां बहस ने अचानक उग्र रूप ले लिया और इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल निकालकर ओम पुंडीर पर गोली चला दी। गोली लगते ही ओम सड़क पर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायल को तुरंत तीन युवक जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कनिष्क चौधरी और आयुष राणा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो किशोर शामिल हैं। फिलहाल पुलिस हथियार की बरामदगी और अन्य सबूतों की तलाश में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.