फ्रैंकफर्ट से आ रही फ्लाइट को मिली बम की धमकी, हैदराबाद एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप

हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आरजीआईए) पर उस समय सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया, जब फ्रैंकफर्ट से आ रही एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और विमान को सुरक्षित लैंड कराने के बाद आइसोलेशन बे में ले जाया गया।
ईमेल के जरिए मिली धमकी
जानकारी के अनुसार, लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट LH 754 विमान फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद के लिए उड़ान भर चुकी थी। इसी दौरान एयरलाइन के कस्टमर सपोर्ट को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि विमान में विस्फोटक सामग्री रखी गई है और उसे शमशाबाद पहुंचने से पहले उड़ाने की धमकी दी गई है।
धमकी सामने आते ही तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल, सीआईएसएफ और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
सुरक्षित लैंडिंग के बाद जांच
सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल के बीच विमान को सुरक्षित तरीके से हैदराबाद एयरपोर्ट पर उतारा गया। इसके बाद उसे सीधे आइसोलेशन बे में ले जाकर गहन जांच शुरू की गई। यात्रियों को सामान्य प्रक्रिया के तहत उतारकर उनकी भी जांच की गई।
प्रारंभिक तलाशी में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। धमकी भरा ईमेल किसने और कहां से भेजा गया, इसकी भी जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट पर दूसरा मामला भी सामने आया
इसी दौरान एयरपोर्ट पर एक अन्य मामले में बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा बरामद की गई। सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री से लगभग 11.85 लाख रुपये मूल्य की विदेशी करेंसी जब्त की गई।
यह यात्री सैयद इस्माइल अली बताया जा रहा है, जो हैदराबाद से बैंकॉक जाने की तैयारी में था। सीआईएसएफ की नियमित जांच के दौरान उसके बैग से संदिग्ध विदेशी मुद्रा मिलने पर उसे रोक लिया गया।
यात्री हिरासत में, जांच जारी
विदेशी मुद्रा मिलने के बाद यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पूरी रकम जब्त कर ली गई है और अब यह जांच की जा रही है कि यह पैसा कहां से आया और इसे विदेश ले जाने का उद्देश्य क्या था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.