गुवाहाटी के होटल में गोलीबारी, होटल मालिक के परिवार के चार सदस्यों समेत पांच की मौत

HIGHLIGHTS
- आरोपी ने करीब एक साल पहले होटल लीज पर लिया था।
- रात करीब नौ बजे जीएस रोड स्थित होटल में हुई गोलीबारी।
- पुलिस ने घटना के एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया।
गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में सोमवार रात होटल की लीज को लेकर हुआ विवाद गोलीबारी में बदल गया। इस घटना में होटल मालिक के परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में होटल का केयरटेकर भी शामिल है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
होटल की लीज को लेकर हुआ विवाद
गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने बताया कि आरोपी घनकांत गोगोई ने एक साल पहले होटल लीज पर लिया था। जांच में सामने आया कि लीज को लेकर उसका होटल मालिक और उसके परिवार के साथ विवाद चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब नौ बजे आरोपी ने जीएस रोड पर बोरा सर्विस के सामने स्थित होटल बिलास इन में गोलीबारी की। यह होटल असम पुलिस मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर है।
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की घटना के एक घंटे के भीतर ही आरोपी घनकांत गोगोई को पलटन बाजार इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से लाइसेंसी .32 बोर की पिस्तौल बरामद की गई है। पुलिस को आशंका है कि वारदात में इसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया।
होटल मालिक के परिवार के चार लोगों की मौत
पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत के अनुसार, मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का रहने वाला था।
मृतकों में होटल की सह-मालकिन, उनका बेटा और बहू, उनके भाई तथा संपत्ति की देखभाल करने वाला व्यक्ति यानी केयरटेकर शामिल हैं।
मृतकों में से तीन की पहचान हेलेना भराली, देबोर्शी कश्यप और नारायण दास के रूप में हुई है। बाकी मृतकों की पहचान की जा रही है।
गोलीबारी में बचने वाले एकमात्र व्यक्ति 42 वर्षीय सत्येन पाठक के कंधे में गोली लगी है। उनका इलाज गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में चल रहा है। एक वरिष्ठ डॉक्टर के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
होटल के बाहर पत्रकारों से बातचीत में पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शुरुआती जांच में घटना की वजह होटल के लीज समझौते से जुड़ा संपत्ति विवाद सामने आया है।
उन्होंने बताया कि जांचकर्ता घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वास्तव में क्या हुआ था।
मामले की फोरेंसिक और वैज्ञानिक जांच जारी है। विशेष टीमें घटनास्थल की जांच कर रही हैं और सबूत जुटा रही हैं। पुलिस के अनुसार, आगे की जांच में गोलीबारी की घटना के पीछे की सटीक परिस्थितियों का पता चलेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.