पश्चिम बंगाल: किशोरी की हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत, एक जवान घायल

HIGHLIGHTS
- पुलिस आरोपी को वारदात वाली जगह पर घटना का पुनर्निर्माण कराने के लिए लेकर पहुंची थी।
- पुलिस के अनुसार, आरोपी ने एक जवान की सरकारी पिस्तौल छीनकर फायरिंग की।
- गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में किशोरी से दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी प्रह्लाद दास की मौत हो गई। बारूईपुर में हुई इसी तरह की घटना के करीब साढ़े तीन महीने बाद राज्य में पुलिस एनकाउंटर की यह दूसरी घटना है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात स्थल बांग्लादेश सीमा से करीब चार किलोमीटर दूर है। मंगलवार तड़के पुलिस आरोपी प्रह्लाद दास को घटना का पुनर्निर्माण कराने के लिए वहां लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्तौल छीन ली और फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुए इस हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस का दावा है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी गोलीबारी में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
बताया गया है कि शनिवार रात 17 वर्षीय किशोरी अपने गांव में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम यानी जलसे में शामिल होने गई थी। रात करीब 11:30 बजे एक संदिग्ध फोन आने के बाद वह अचानक लापता हो गई।
अगली सुबह किशोरी का नग्न और लहूलुहान शव पड़ोसी के घर के पीछे से बरामद हुआ था। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने रिश्ते में संबंधी लगने वाले प्रह्लाद दास को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया था।
बारूईपुर एनकाउंटर की भी हो रही सुनवाई
इससे पहले जुलाई में बारूईपुर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी प्रभास मंडल की भी आधी रात को घटना के पुनर्निर्माण के दौरान पुलिस गोलीबारी में मौत हो गई थी।
बारूईपुर एनकाउंटर की प्रक्रिया, समय और परिस्थितियों को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय में पहले से सुनवाई चल रही है। अदालत ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के आदेश भी दिए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.